Saraikela (संजीव मेहता):
टाटा से सीधे जयपुर की नई ट्रेन को 26 अक्टूबर को सांसद विद्युत वरण महतो हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंग



* केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वर्चुअल माध्यम से समारोह में शामिल होंगे
Saraikela :
जमशेदपुर और जयपुर के बीच बेहतर रेल कनेक्टिविटी की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने जा रही है. मारवाड़ी समाज के निरंतर प्रयासों और सांसद विद्युत वरण महतो की पहल के बाद टाटानगर से राजस्थान के खातीपुरा स्टेशन तक नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन शुरू होने जा रही है. इस रेल सेवा के शुरू होने से झारखंड और बंगाल के यात्रियों, खासकर खाटू श्याम धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिलेगी. नई ट्रेन को 26 अक्टूबर को आयोजित समारोह में सांसद विद्युत वरण महतो हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. इस अवसर पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वर्चुअल माध्यम से समारोह में शामिल होंगे. इस रेल सेवा की घोषणा करीब एक महीने पहले की गई थी..सांसद विद्युत वरण महतो इसके लिए लगातार प्रयास कर रहे थे..उनकी विशेष पहल पर रेल मंत्री ने ट्रेन संख्या 18601-18602 सांतरागाछी-खातीपुरा (जयपुर) साप्ताहिक एक्सप्रेस को मंजूरी प्रदान की थी.
* टाटानगर से शाम 5:50 बजे गुजरेगी ट्रेन-
नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन सांतरागाछी से दोपहर 2:15 बजे रवाना होगी और शाम 5:50 बजे टाटानगर पहुंचेगी. टाटानगर स्टेशन पर पांच मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन रांची और टोरी के रास्ते अगले दिन रात 11 बजे जयपुर के खातीपुरा स्टेशन पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन खातीपुरा से सुबह 9:20 बजे रवाना होगी. यह अगले दिन दोपहर 3:05 बजे टाटानगर पहुंचेगी और शाम 7:45 बजे सांतरागाछी पहुंचकर अपनी यात्रा पूरी करेगी.
* कई प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव-
इस साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव टाटानगर के अलावा खड़गपुर, चांडिल, पुरुलिया, मुरी, लोहरदगा, लातेहार, डाल्टनगंज, गढ़वा रोड, डेहरी-ऑन-सोन, सासाराम, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, आगरा, बांदीकुई और दौसा समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर होगा. इन स्टेशनों पर ठहराव होने से रास्ते में पड़ने वाले क्षेत्रों के यात्रियों को भी राजस्थान आने-जाने के लिए बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध होगी.
* खाटू श्याम धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत-
टाटानगर से खातीपुरा तक सीधी रेल सेवा शुरू होने से जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की राजस्थान यात्रा पहले की तुलना में आसान हो सकेगी. खासकर खाटू श्याम धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को इस ट्रेन से काफी लाभ मिलने की उम्मीद है. इसके अलावा व्यापारियों, छात्रों, पर्यटकों और मारवाड़ी समाज के लोगों को भी राजस्थान आने-जाने में सुविधा होगी. सीधी रेल कनेक्टिविटी से झारखंड और राजस्थान के बीच व्यापारिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को मजबूती मिलने की संभावना है.
* मारवाड़ी समाज ने सांसद के प्रति जताया आभार-
इस महत्वपूर्ण पहल के लिए पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी समाज ने सांसद विद्युत वरण महतो के प्रति आभार व्यक्त किया है. समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि जमशेदपुर और राजस्थान के बीच बेहतर रेल संपर्क स्थापित करने की दिशा में सांसद के प्रयास सराहनीय हैं. नई ट्रेन पूरे क्षेत्र के यात्रियों के लिए लाभकारी साबित होगी.
मारवाड़ी समाज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्र सरकार के प्रयासों से देश में रेल सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है. टाटानगर से जयपुर के लिए शुरू होने वाली यह नई रेल सेवा क्षेत्र के विकास और यात्रियों की सुविधा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.




