टाटानगर स्टेशन पर यात्रियों को राहत, साथ ही युवाओं के लिए नौकरी का अवसर भी! हैंडहेल्ड मशीन से मिलेगा टिक



फोटो है
Saraikela (संजीव मेहता):
टाटानगर स्टेशन पर जनरल टिकट लेने के लिए यात्रियों को जल्द ही टिकट काउंटर की लंबी कतार में लगने की जरूरत नहीं पड़ेगी. दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल की ओर से टाटानगर, राउरकेला और झारसुगुड़ा स्टेशन पर हैंडहेल्ड मशीन के जरिए जनरल टिकट उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है. यात्रियों को चलते-फिरते टिकट उपलब्ध कराने के लिए चक्रधरपुर मंडल सात हैंडहेल्ड सहायकों की कमीशन के आधार पर नियुक्ति करेगा. इनमें टाटानगर के लिए 3, जबकि राउरकेला और झारसुगुड़ा के लिए 2-2 सहायक नियुक्त किए जाएंगे. इस सुविधा का उद्देश्य स्टेशन पर जल्दबाजी में पहुंचने वाले यात्रियों को आसानी से टिकट उपलब्ध कराना है. इससे यात्रियों का समय बचेगा और बिना टिकट ट्रेन में सवार होने पर लगने वाले जुर्माने से भी बचा जा सकेगा. साथ ही, टिकट काउंटरों पर भीड़ नियंत्रित करने में रेलवे को मदद मिलेगी. रेलवे के अनुसार, ट्रायल सफल रहने पर इस सुविधा को मंडल के अन्य स्टेशनों पर भी लागू किया जा सकता है.
* युवाओं के लिए नौकरी का मौका :
हैंडहेल्ड सहायक बनने के इच्छुक युवाओं के लिए भी अवसर है. रेलवे जोन की ओर से इच्छुक उम्मीदवारों से 23 अक्टूबर को दोपहर 1:30 बजे तक आवेदन मांगे गए हैं.
* RailOne और ATVM का भी बढ़ रहा इस्तेमाल:
टिकट काउंटरों पर भीड़ के कारण यात्रियों के बीच RailOne ऐप और ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) का इस्तेमाल भी बढ़ रहा है. RailOne ऐप के जरिए यात्री जनरल, प्लेटफॉर्म और सीजन टिकट बुक कर सकते हैं. बताया गया है कि टाटानगर स्टेशन पर काउंटर, ATVM और RailOne ऐप के माध्यम से रोजाना करीब 10-11 हजार टिकट बिकते हैं. पूजा के दौरान यह संख्या बढ़कर करीब 15-16 हजार टिकट प्रतिदिन तक पहुंच जाती है.




