Saraikela (संजीव मेहता):
आशियाना आदित्य सोसाइटी में नवरात्र महोत्सव के अवसर पर आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ संपन्



Saraikela :
आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित आशियाना आदित्य सोसाइटी में नवरात्र महोत्सव के अवसर पर आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुए. जहाँ आज दशमी के दिन नित्य पूजा एवं आरती के पश्चात महिलाओं ने पारंपरिक ‘सिंदूर खेला’ के साथ अखंड सौभाग्य की मंगलकामना की. भजन संध्या और माता की चौकी से प्रारंभ हुए इस महोत्सव में एक ओर महिलाओं ने रंग-बिरंगे परिधानों में सुसज्जित होकर आकर्षक गरबा, डांडिया नृत्य-गीत एवं जीवंत नाट्य प्रस्तुत कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया. वहीं नन्हे-मुन्ने बच्चों ने धार्मिक और देशभक्ति झांकी पेश कर उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया. इस अवसर पर ‘वीरांगना झांसी की रानी’ के शौर्य, साहस और देशभक्ति को दर्शाती बेहद खूबसूरत प्रस्तुति से पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा, जिसमें बच्चों के उत्साह और शानदार अभिनय को खूब सराहा गया. दुर्गा पूजा के दौरान बंगाल से आए पुरोहित द्वारा विधिपूर्वक पूजन, भव्य पंडाल, आकर्षक विद्युत साज-सज्जा, स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल और सप्तमी से दशमी तक महाभोग व रात्रि भोज का सोसाइटी के सैकड़ों स्त्री-पुरुषों, बच्चों व बुजुर्गों ने भरपूर आनंद लिया. सांस्कृतिक कार्यक्रमों का उद्घाटन दीप प्रज्वलन कर प्रथम दिन पूजा समिति अध्यक्ष शंकर गुरुनाथन, सचिव अमिता चौधरी व संयुक्त सचिव कुन्दन कुमार; द्वितीय दिन सोसाइटी अध्यक्ष मेजर सत्यनारायण, उपाध्यक्ष राजीव नंदन, संयुक्त सचिव पी.के. सिंह एवं मधुलिका, कोषाध्यक्ष निकिता पेड़ीवाल व सह कोषाध्यक्ष पुष्कर चौधरी; तृतीय दिन वरिष्ठ महिला नागरिक ऊषा सत्यनारायण, चंद्रा शंकर, विभा चौधरी, इंदु देवी, उर्मिला देवी व सबिता झा; तथा चौथे दिन वरिष्ठ नागरिक एस.के. पहाड़ी, देवेंद्र सिंह, सुरेश चौधरी, उपेंद्र शर्मा एवं अनंत झा द्वारा किया गया. पूजा संचालन में ललन कुमार सिंह, सुरेश चौधरी, संदीप भौमिक, एस.एन. प्रसाद, अंशुमन सरकार तथा भोग व रात्रि भोज व्यवस्था में दीपेन सरकार, डॉ. सिकंदर, दीपक बिस्वास, मनीष चौधरी, धर्मेंद्र शर्मा और महिलाओं में प्रीति खंडेलवाल सहित भारी संख्या में निवासियों ने सहयोग किया, जिसके सफल संचालन हेतु मेजर सत्यनारायण एवं शंकर गुरुनाथन ने सभी निवासियों को बधाई दी और हृदय से आभार व्यक्त किया.




