Saraikela (संजीव मेहता):
गम्हरिया के ईश्वर लाल ज्वेलर्स के लूटकांड का तीन साल से फरार आरोपी गिरफ्तार, आदित्यपुर पुलिस ने बिहार के वैशाली से किया गिरफ्ता



Saraikela : सरायकेला-खरसावां जिले में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए आदित्यपुर पुलिस ने तीन साल से फरार चल रहे ज्वेलरी लूटकांड के आरोपी को बिहार के वैशाली जिले से गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान 26 वर्षीय सुरेश राय उर्फ नायडु यादव उर्फ सुरेश उर्फ लेढु के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, वह गिरफ्तारी से बचने के लिए पटना, मुंबई और दिल्ली में छिपकर रह रहा था. मामला 6 अगस्त 2023 का है, उस दिन सुबह करीब साढ़े दस बजे आदित्यपुर थाना क्षेत्र के लाल बिल्डिंग के पास स्थित ईश्वर लाल ज्वेलर्स में हथियार के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था. अपराधियों ने दुकान से करीब 545 ग्राम सोना लूट लिया था, जिसकी अनुमानित कीमत 30 लाख रुपये बताई गई थी. इस मामले में आदित्यपुर थाना कांड संख्या 243/2023 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी. पुलिस के मुताबिक, पिछले चार से पांच महीनों से आदित्यपुर पुलिस वैशाली जिले में लगातार सूचना जुटा रही थी. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी अंजनी कुमार के नेतृत्व में छापेमारी दल ने 26 अक्टूबर 2026 को वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र स्थित कंचनपुर में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ के दौरान इस लूटकांड में अपनी और अन्य आरोपियों की संलिप्तता स्वीकार की है. उसके खिलाफ अवैध शराब कारोबार, मारपीट, अपहरण और आर्म्स एक्ट समेत अन्य मामलों में भी आरोप दर्ज होने की जानकारी दी गई है.
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अंजनी कुमार के साथ पुलिस अवर निरीक्षक असलम अंसारी, सहायक अवर निरीक्षक धर्मराज कुमार और टाइगर मोबाइल के जवान दीपक कुमार शामिल थे, तीन साल से फरार आरोपी की गिरफ्तारी को आदित्यपुर पुलिस की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है.




