Saraikela (संजीव मेहता): दीपावली एवं छठ पर्व की तैयारियों तथा विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर समीक्षा बैठक में डीसी ने पटाखों की बिक्री निर्धारित स्थलों पर सुरक्षा मानकों के अनुरूप करने का दिया निर्देश, केवल अस्थायी अनुज्ञप्तिधारी विक्रेताओं को मिलेगी अनुमति

Sanjeev mehta
7 Min Read

Saraikela (संजीव मेहता): दीपावली एवं छठ पर्व की तैयारियों तथा विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर समीक्षा बैठक में डीसी ने पटाखों की बिक्री निर्धारित स्थलों पर सुरक्षा मानकों के अनुरूप करने का दिया निर्देश, केवल अस्थायी अनुज्ञप्तिधारी विक्रेताओं को मिलेगी अनुमत

Advertisements
Advertisements
Advertisements

* छठ घाटों की साफ-सफाई, समतलीकरण, प्रकाश एवं सुरक्षा व्यवस्था ससमय पूर्ण करने का निर्देश; संवेदनशील घाटों पर गोताखोर, CCTV कैमरे एवं पर्याप्त सुरक्षा बल की होगी तैनाती

Saraikela :

आज समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आगामी दीपावली एवं छठ पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण एवं आवश्यक तैयारियों की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई.
बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, नगर आयुक्त एजाज अनवर, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह, अनुमण्डल पदाधिकारी चांडिल, पुलिस उपाधिक्षक, मुख्यालय, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी, नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए पूजा समितियों के सदस्य उपस्थित रहे. बैठक में उपायुक्त ने कहा कि दीपावली एवं छठ पर्व के दौरान आम नागरिकों की सुविधा, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था संधारण जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिले में पटाखों की बिक्री केवल अस्थायी अनुज्ञप्ति प्राप्त विक्रेताओं द्वारा ही की जाएगी. पटाखा बिक्री के लिए निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप पर्याप्त एवं उपयुक्त स्थलों का चयन किया जाए. किसी भी परिस्थिति में घरों के आसपास अथवा अनधिकृत स्थानों पर पटाखों की बिक्री की अनुमति नहीं दी जाएगी. सभी अनुज्ञप्तिधारी विक्रेता चिह्नित स्थलों पर ही निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनुपालन करते हुए पटाखों की बिक्री सुनिश्चित करेंगे. इस संबंध में सभी नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में उपयुक्त स्थलों का चिह्नांकन कर प्रस्ताव जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया. छठ पर्व को लेकर उपायुक्त ने जिले के सभी प्रमुख छठ घाटों की साफ सफाई, समतलीकरण, घाटों तक पहुंचने वाले मार्गों की मरम्मत एवं सफाई तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया. उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाटों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं ससमय पूर्ण की जाएं. अनुमंडल पदाधिकारियों एवं नगर आयुक्त को छठ घाटों पर की जा रही तैयारियों का नियमित निरीक्षण करने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिन छठ घाटों पर जल की गहराई अधिक है अथवा पूर्व में दुर्घटनाएं घटित हुई हैं या दुर्घटना की संभावना है, ऐसे घाटों को चिह्नित कर विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. संबंधित स्थलों पर आवश्यकतानुसार सतर्कता एवं चेतावनी संबंधी सूचना पट्ट लगाए जाएं. साथ ही पर्याप्त सुरक्षा बल, गोताखोरों एवं CCTV कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के प्रमुख एवं संवेदनशील छठ घाटों तथा दुर्घटना संभावित स्थलों का नियमित भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने एवं तैयारियों की सतत निगरानी करने का निर्देश दिया गया. यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से उपायुक्त ने सभी शहरी क्षेत्रों एवं भीड़भाड़ वाले मार्गों पर समय रहते नो-एंट्री एवं रूट डायवर्जन की कार्ययोजना तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही आम नागरिकों को यातायात संबंधी आवश्यक सूचनाएं समय से उपलब्ध कराने को कहा. उन्होंने छठ घाटों तक जाने वाले मार्गों, मुख्य सड़कों एवं अन्य प्रमुख स्थलों पर अनधिकृत रूप से दुकानें लगाए जाने पर नियमित निगरानी रखने तथा नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों एवं ट्रैफिक इंस्पेक्टर को दिया. बैठक में पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वांगियारी ने कहा कि मुख्य सड़क एवं सर्विस रोड पर अनावश्यक रूप से दुकानों का संचालन नहीं होना चाहिए. नगर निकाय क्षेत्रों में ट्रैफिक पुलिस द्वारा नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा अतिक्रमण के मामलों में संबंधित नगर निकाय के कार्यपालक पदाधिकारी आवश्यक कार्रवाई करें. उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के प्रमुख एवं संवेदनशील छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने तथा यातायात प्रबंधन के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार कर उसके अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान सभी थाना प्रभारी सक्रिय रहकर विधि-व्यवस्था संधारण एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे. स्वास्थ्य एवं आपातकालीन सेवाओं की समीक्षा के क्रम में सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सा पदाधिकारियों एवं चिकित्सकीय दल को 24×7 सक्रिय एवं अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया. साथ ही एंबुलेंस सेवा एवं अग्निशमन वाहनों को भी आवश्यकतानुसार त्वरित सेवा उपलब्ध कराने हेतु तैयार अवस्था में रखने को कहा गया, ताकि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जा सके. उपायुक्त ने जिले के सभी छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की कि वे छठ पूजा के लिए जिला प्रशासन द्वारा चिह्नित एवं आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था के साथ तैयार किए जा रहे घाटों का ही उपयोग करें. केवल नजदीक अथवा सुविधाजनक होने के कारण ऐसे किसी अन्य जलाशय, नदी या घाट पर पूजा करने से बचें, जहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम उपलब्ध नहीं हैं. विशेष रूप से अधिक जलगहराई वाले एवं दुर्घटना संभावित स्थलों पर जाने से परहेज करें. प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षित घाटों पर ही छठ पूजा संपन्न करें तथा सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करें, ताकि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके.

Share This Article