Saraikela (संजीव मेहता):



ओडिशा में मां की हत्या कर रसोई में दफनाया, 57 दिन बाद जमशेदपुर से गिरफ्तार हुआ बेटा, नाश्ते की दुकान पर कर रहा था मजदूर
* पुरी में वारदात को अंजाम देने के बाद हो गया था फरार, टाटानगर स्टेशन के पास बदल ली थी पहचान
* सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और कॉल रिकॉर्ड से मिला सुराग, पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म
Saraikela :
ओडिशा के पुरी में अपनी मां की हत्या कर शव को घर की रसोई में दफनाने के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. वारदात के बाद से फरार चल रहे 40 वर्षीय आरोपी मदन गजानन दलई को 57 दिनों की तलाश के बाद जमशेदपुर से गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तारी के समय वह टाटानगर रेलवे स्टेशन के पास एक नाश्ते की दुकान पर मजदूरी कर रहा था. पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है.
* रसोई के फर्श के नीचे मिला था शव-
यह खौफनाक मामला 24 अगस्त को सामने आया था. पुरी में किराये के मकान की मालकिन मनोरमा साहू ने एक बंद कमरे से तेज दुर्गंध आने की सूचना स्थानीय पुलिस को दी थी. सूचना मिलने पर कुंभारपाड़ा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की, जांच के दौरान पुलिस को रसोई के फर्श का एक हिस्सा नए सिरे से सीमेंट से ढका हुआ मिला. संदेह होने पर जब उस हिस्से की खुदाई कराई गई, तो वहां से एक महिला का शव बरामद हुआ. मृतका की पहचान आरोपी की मां अन्नपूर्णा दलई के रूप में हुई.
* शव छिपाने के लिए डाला था कंक्रीट-
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी ने शव को छिपाने के इरादे से रसोई के फर्श में गड्ढा खोदा और शव को वहीं दफना दिया. इसके बाद ऊपर से कंक्रीट की परत बिछा दी, ताकि किसी को शक न हो. पुलिस अब हत्या की असली वजह और वारदात में इस्तेमाल किए गए तरीके की जांच कर रही है. मां-बेटे के बीच किसी विवाद की पुष्टि पुलिस ने अभी तक नहीं की है. बताया गया है कि दोनों पिछले पांच-छह महीने से किराये के मकान में रह रहे थे.
* कई राज्यों में पुलिस ने की तलाश –
वारदात के बाद आरोपी मदन फरार हो गया था. उसकी तलाश में पुरी पुलिस ने तमिलनाडु, महाराष्ट्र और ओडिशा के गजपति जिले समेत कई स्थानों पर छापेमारी की. गिरफ्तारी के लिए इनाम की भी घोषणा की गई थी. पुलिस के मुताबिक, आरोपी डिजिटल साक्ष्य कम छोड़ रहा था, जिससे उसे पकड़ना चुनौतीपूर्ण हो गया था.
* सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच से मिला सुराग-
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और कॉल रिकॉर्ड की तकनीकी जांच की. इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी वापस जमशेदपुर लौट आया है और टाटानगर स्टेशन के पास एक नाश्ते की दुकान पर काम कर रहा है.
इसके बाद कुंभारपाड़ा थाने की पुलिस ने जमशेदपुर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और अपने साथ ले गई. पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.




