Saraikela (संजीव मेहता):
वात्सल्य बालिका गृह में बच्चों के साथ हर्षोल्लास से मनाया गया दीपोत्सव समारोह–202



Saraikela :
दीपावली के पावन अवसर पर वात्सल्य बालिका गृह, छोटा गम्हरिया में दीपोत्सव समारोह–2026 का भव्य आयोजन किया गया. इस अवसर पर माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रामाशंकर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव तौसीफ मेराज, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष तारापद सरकार, समिति के सदस्य सैयद हैदर, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी संतोष ठाकुर तथा जन सहभागी विकास केंद्र के सचिव एवं वात्सल्य बालिका गृह के संचालक प्रमोद कुमार वर्मा एवं कोषाध्यक्ष ज्योति सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही. इसके अतिरिक्त बाल अधिकार कार्यकर्ता एवं झारखंड राज्य बाल संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य विकास दोदराजका तथा पैरा लीगल वॉलंटियर्स भी कार्यक्रम में शामिल हुए. कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने बालिका गृह की बच्चियों के साथ दीप प्रज्वलित कर दीपावली की खुशियां साझा कीं. बच्चियों के बीच मिठाइयां एवं पटाखों का वितरण किया गया. इस अवसर पर बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें बच्चियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया. मुख्य अतिथि रामाशंकर सिंह ने बच्चियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं खुशहाल बचपन प्राप्त होना चाहिए. समाज के सभी लोगों का दायित्व है कि वे जरूरतमंद एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों के जीवन में खुशियां और सकारात्मकता लाने के लिए आगे आएं.
अन्य अतिथियों ने भी बच्चियों को शिक्षा, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि त्योहारों की वास्तविक खुशी समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर जरूरतमंद बच्चों के साथ खुशियां बांटने में निहित है.
कार्यक्रम के अंत में बच्चियों ने अतिथियों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। पूरा परिसर दीपों की रोशनी, रंगोली और बच्चों की मुस्कान से जगमगा उठा.
जन सहभागी विकास केंद्र द्वारा संचालित वात्सल्य बालिका गृह का यह आयोजन बच्चों को परिवार जैसा स्नेह, अपनापन, सुरक्षा और खुशियों भरा वातावरण प्रदान करने की दिशा में एक सार्थक पहल रहा.




