Saraikela (संजीव मेहता):



टाटा स्टील के 25 हजार कर्मचारियों को मिलेगा हर महीने ₹1,000 का अतिरिक्त लाभ, आज से कॉर्पोरेट NPS की शुरुआ
saraikela :
टाटा स्टील ने अपने कर्मचारियों के भविष्य को आर्थिक रूप से सुरक्षित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. कंपनी में मंगलवार, 3 नवंबर से कॉर्पोरेट नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) की शुरुआत की जा रही है. इस नई पहल से टाटा स्टील समूह के करीब 25 हजार कर्मचारियों को लाभ मिलने की उम्मीद है./इस योजना के तहत कर्मचारियों को हर महीने ₹1,000 का अतिरिक्त लाभ मिलेगा. कर्मचारी चाहें तो इस राशि को सीधे अपने NPS खाते में पेंशन निवेश के रूप में प्राप्त कर सकते हैं या इसे अपने ग्रॉस वेतन में शामिल करने का विकल्प चुन सकते हैं. कॉर्पोरेट NPS लागू करने को लेकर कंपनी प्रबंधन और टाटा वर्कर्स यूनियन के बीच इसी साल जून में हुए वेतन समझौते के दौरान सहमति बनी थी. इसके तहत प्रबंधन कर्मचारियों के NPS खाते में प्रतिमाह ₹1,000 का योगदान करेगा. पेंशन फंड नियामक एवं विकास प्राधिकरण (PFRDA) द्वारा संचालित NPS निजी क्षेत्र के कर्मचारियों के लिए एक स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति बचत योजना है. इसमें कर्मचारियों को इक्विटी और डेट फंड में निवेश के विकल्प मिलते हैं. इसके अलावा, पात्र अंशदान पर आयकर अधिनियम की धारा 80CCD के तहत कर लाभ भी मिल सकता है. योजना में निवेश के लिए कर्मचारियों को एक्टिव और ऑटो चॉइस का विकल्प मिलेगा. नौकरी बदलने की स्थिति में भी PRAN नंबर के माध्यम से पेंशन खाते को आगे जारी रखा जा सकेगा.
इस योजना की एक खास बात यह है कि पहले से EPS-95 का लाभ ले रहे कर्मचारी भी इसमें शामिल हो सकेंगे. NPS में निकासी के नियमों के तहत 60 वर्ष की आयु पर निर्धारित शर्तों के अनुसार जमा राशि का एक हिस्सा एकमुश्त निकाला जा सकता है, जबकि शेष राशि से एन्युटी खरीदकर नियमित पेंशन प्राप्त की जा सकती है.
आज शाम चार बजे योजना के शुभारंभ के अवसर पर ऑनलाइन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें कर्मचारियों को योजना की विस्तृत जानकारी दी जाएगी. टाटा स्टील की इस पहल को कर्मचारियों की दीर्घकालिक वित्तीय सुरक्षा और सेवानिवृत्ति के बाद बेहतर भविष्य की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.




