मुस्लिम बस्ती गोलीकांड का पुलिस ने किया खुलासा : पैसों के लालच में रची गयी थी लूट और हत्या की साजिश, ओडिशा से एक आरोपी गिरफ्ता




फोटो है
Saraikela (संजीव मेहता):
आदित्यपुर थाना अंतर्गत मुस्लिम बस्ती में 25 सितंबर की रात हुई गोलीबारी और जानलेवा हमले की घटना का पुलिस ने आज खुलासा कर दिया है. पुलिस के अनुसार, पैसों के लालच में आपसी जान-पहचान का फायदा उठाकर लूट और हत्या की साजिश रची गई थी. मामले में पुलिस ने ओडिशा के मयूरभंज जिले के जशीपुर थाना क्षेत्र से 19 वर्षीय बबलू महतो उर्फ पद्मलोचन मोहंता को गिरफ्तार किया है. वहीं मुख्य आरोपी समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
* घर में भारी रकम होने की थी जानकारी-
सरायकेला के एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 25 सितंबर की रात करीब 10 बजे कल्लू खान के घर पर आपराधिक नीयत से फायरिंग की गई थी. गोली अब्दुल जाफर के सिर को छूते हुए निकल गई. घायल अब्दुल जाफर का इलाज टीएमएच में चल रहा है. पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी शेख अजहरुद्दीन, जो कल्लू खान का रिश्तेदार और पूर्व परिचित है, अपने साथी कादिम खान और अन्य अपराधियों के साथ उसके घर पहुंचा था. आरोपियों को कथित तौर पर जानकारी थी कि घर में अवैध कमाई की बड़ी रकम रखी हुई है. पुलिस के अनुसार, आरोपी करीब एक घंटे तक बातचीत के बहाने घर में रुके रहे. इसके बाद लूटपाट और हत्या के इरादे से अचानक गोलीबारी शुरू कर दी.
लोगों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा
गोलीबारी के बाद स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए एक आरोपी प्रकाश चंद्र नायक को पकड़ लिया. आक्रोशित भीड़ ने उसकी पिटाई कर दी. पुलिस ने घायल प्रकाश को अपनी अभिरक्षा में लेकर एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया. पुलिस के अनुसार, ओडिशा के नयागढ़ जिले के ओडगांव थाना क्षेत्र का रहने वाला प्रकाश चंद्र नायक पहले भी गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल रहा है. पुलिस ने बताया कि वह हत्या और डकैती के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट चुका है.
* तकनीकी साक्ष्य के आधार पर ओडिशा में छापेमारी-
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल गठित किया गया. टीम में आदित्यपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अंजनी कुमार, एसआई विक्रमादित्य पाण्डेय, एसआई हीरालाल कुमार और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने ओडिशा के मयूरभंज जिले के जशीपुर थाना क्षेत्र में दबिश दी. यहां से 19 वर्षीय बबलू महतो उर्फ पद्मलोचन मोहंता को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने इस मामले में मामला दर्ज किया है. एसडीपीओ के अनुसार, मुख्य आरोपी शेख अजहरुद्दीन, कादिम खान और उनके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी.




