Saraikela (संजीव मेहता):



पर्यटन विकास की दिशा में उपायुक्त नितीश कुमार की पहल सराहनीय : फूलकांत झा
* पर्यटन स्थलों के विकास से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और किसानों की आमदनी में भी होगी वृद्धि
Saraikela :
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिला उपाध्यक्ष फूलकांत झा ने सरायकेला-खरसावां जिले में पर्यटन विकास की संभावनाओं को तलाशने तथा पर्यटकों के लिए आवश्यक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में जिले के उपायुक्त नितीश कुमार द्वारा की जा रही सार्थक पहल की सराहना की है. उन्होंने कहा कि जिले के विभिन्न पर्यटन स्थलों के विकास, सौंदर्यीकरण एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर उपायुक्त द्वारा किया जा रहा प्रयास प्रशंसनीय है. इससे न केवल जिले में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे. क्षेत्र के युवाओं एवं ग्रामीणों को इसका सीधा लाभ मिलेगा.
श्री झा ने कहा कि पर्यटन विकास के साथ-साथ कृषि क्षेत्र में भी सकारात्मक बदलाव की संभावनाएं हैं. यदि क्षेत्र में सिंचाई की समुचित व्यवस्था उपलब्ध होती है, तो किसानों को खेती में काफी सहूलियत मिलेगी और उनकी आमदनी में भी वृद्धि होगी. यह पहल सरकार के साथ-साथ क्षेत्र की जनता के लिए भी काफी लाभदायक साबित होगी.
उन्होंने कहा कि जिले में पर्यटन एवं विकास की संभावनाओं को धरातल पर उतारने के लिए उपायुक्त के साथ-साथ जिले के सभी संबंधित पदाधिकारी भी प्रशंसा के पात्र हैं. विकास की ऐसी सकारात्मक पहल से सरायकेला-खरसावां जिले को एक नई पहचान मिल सकती है. उल्लेखनीय है कि जिले में पर्यटन विकास की संभावनाओं एवं पर्यटकों के लिए आवश्यक सुविधाओं के विस्तार के उद्देश्य से चांडिल अनुमंडल के पलना डैम, कुचाई प्रखंड के करकट्टा डैम, खरसावां के शिव मंदिर एवं राजनगर के भीमखंदा का स्थल निरीक्षण किया गया. इस दौरान संबंधित पदाधिकारियों को पर्यटन स्थलों के विकास, सौंदर्यीकरण एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार हेतु विस्तृत प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश दिया गया.
कांग्रेस नेता फूलकांत झा ने इस पहल को जिले के समग्र विकास, पर्यटन संवर्धन रोजगार सृजन एवं किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया.




