Saraikela (संजीव मेहता):



एनआईटी जमशेदपुर में भव्य काली पूजा, 55वें वर्ष में प्रवेश
* निदेशक प्रभारी प्रो. आर. वी. शर्मा एवं कुलसचिव प्रो. सरोज कुमार सारंगी ने किया पंडाल का उद्घाटन 
Saraikela :
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर परिसर में श्री सार्वजनिक काली पूजा समिति द्वारा इस वर्ष भी मां काली की पूजा भव्यता एवं श्रद्धा के साथ आयोजित की गई. वर्ष 1972 में प्रारंभ हुई यह धार्मिक परंपरा इस वर्ष अपने 55वें वर्ष में प्रवेश कर गई. इस आयोजन में संस्थान के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की. इस वर्ष मां काली की अत्यंत भव्य एवं आकर्षक प्रतिमा स्थापित की गई, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही. पूजा पंडाल को भी आकर्षक ढंग से सजाया गया था. 8 नवंबर को पूजा पंडाल का विधिवत उद्घाटन संस्थान के निदेशक प्रभारी प्रो. आर. वी. शर्मा एवं कुलसचिव प्रो. सरोज कुमार सारंगी द्वारा किया गया. इस अवसर पर समिति के संरक्षक प्रो. शैलेंद्र कुमार, अध्यक्ष डॉ. अमित प्रकाश, उपाध्यक्ष डॉ. जयेंद्र कुमार, सचिव सुधीर कुमार एवं कोषाध्यक्ष प्रशांत मल सहित समिति के अन्य पदाधिकारी, सदस्य तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे. संस्थान के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मां काली के दर्शन किए. उनकी पत्नी इंद्राणी सूत्रधार ने भी ऑनलाइन माध्यम से मां काली का आशीर्वाद प्राप्त किया. इस दौरान निदेशक महोदय ने पूजा आयोजन की जानकारी ली तथा आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए. पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां काली के दर्शन कर सुख, शांति, समृद्धि एवं परिवार के कल्याण की कामना की. धार्मिक अनुष्ठानों के पश्चात देर रात तक पूजा पंडाल में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही. इस अवसर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से पूरा संस्थान परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा. एनआईटी जमशेदपुर की यह 55 वर्षों पुरानी धार्मिक परंपरा संस्थान के सदस्यों के बीच आपसी सौहार्द, सांस्कृतिक एकता एवं सामुदायिक सहभागिता का प्रतीक बनी हुई है.




