Saraikela (संजीव मेहता):
टाटानगर से चलने वाली कई ट्रेनें रद्द, साउथ बिहार एक्सप्रेस का भी बदलेगा रूट, यात्रियों की बढ़ेगी परेशान



Saraikela :
टाटानगर और आसपास के रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर है. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत झारसुगुड़ा पैसेंजर यार्ड में अधोसंरचना विकास से जुड़े नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण नवंबर के अंतिम सप्ताह से दिसंबर तक कई एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा. इस दौरान कुछ ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी, जबकि कुछ के मार्ग में बदलाव किया जाएगा और कुछ ट्रेनों को उनके निर्धारित गंतव्य से पहले ही समाप्त किया जाएगा. रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्य 27 नवंबर से 17 दिसंबर 2026 तक अलग-अलग तिथियों में किया जाएगा. इससे टाटानगर, राउरकेला, झारसुगुड़ा, बिलासपुर और इतवारी की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है.
* टाटानगर-बिलासपुर और इतवारी एक्सप्रेस भी प्रभावित-
टाटानगर-नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी एक्सप्रेस 29 नवंबर तथा 1 से 16 दिसंबर तक रद्द रहेगी. वहीं, टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस की कई सेवाएं 4, 5 और 7 से 15 दिसंबर तक प्रभावित रहेंगी. वापसी में बिलासपुर-टाटानगर एक्सप्रेस 5, 6 और 8 से 16 दिसंबर तक नहीं चलेगी.
इसके अलावा, टाटानगर से चलने वाली कुछ ट्रेनों के परिचालन में भी बदलाव किया गया है. लंबी दूरी की कई महत्वपूर्ण ट्रेनें भी इस सूची में शामिल हैं.
* साउथ बिहार एक्सप्रेस का बदलेगा परिचालन-
आरा-दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस 28 नवंबर तथा 4 से 15 दिसंबर तक राउरकेला स्टेशन पर ही समाप्त होगी. इस अवधि में राउरकेला-दुर्ग के बीच ट्रेन रद्द रहेगी. वहीं, दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस 29 नवंबर से 16 दिसंबर तक राउरकेला स्टेशन से ही शुरू होगी. इसके अलावा, 14 दिसंबर को पुणे से चलने वाली आजाद हिंद एक्सप्रेस भी करीब दो घंटे की देरी से रवाना होगी.
* ये प्रमुख ट्रेनें भी रहेंगी प्रभावित-
– टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस (18109/18110): 29 नवंबर और 1 से 16 दिसंबर तक.
– टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस (18113): 4, 5 और 7 से 15 दिसंबर तक.
– बिलासपुर-टाटानगर एक्सप्रेस (18114): 5, 6 और 8 से 16 दिसंबर तक.
– हावड़ा-पुणे दुरंतो एक्सप्रेस (12222/12221): नवंबर और दिसंबर की कुछ निर्धारित तिथियों पर.
– चर्लपल्ली-दरभंगा एक्सप्रेस (17007/17008): 28 नवंबर तथा दिसंबर की कई तिथियों पर.
– तिरुपति-रक्सौल एक्सप्रेस (17433/17434): 7, 10, 14 और 17 दिसंबर के आसपास निर्धारित सेवाएं प्रभावित.
– बिलासपुर-बक्सर एक्सप्रेस (22843/22844): 11 और 12 दिसंबर को संबंधित सेवाएं प्रभावित।
– मालदा टाउन-सूरत एक्सप्रेस (13425/13426): 5, 7, 12 और 14 दिसंबर को संबंधित सेवाएं प्रभावित.
– कामाख्या-एलटीटी एक्सप्रेस (22512/22511): 5, 8, 12 और 15 दिसंबर को संबंधित सेवाएं प्रभावित.
– हटिया-पुणे एक्सप्रेस (22846/22845): 7, 9, 11 और 13 दिसंबर को संबंधित सेवाएं प्रभावित.
– हटिया-दुर्ग एक्सप्रेस (18641/18642): 8, 9, 10 और 11 दिसंबर को संबंधित सेवाएं प्रभावित.
* यात्रियों के लिए रेलवे की सलाह-
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति, रद्द होने की तारीख और बदले हुए मार्ग की जानकारी जरूर जांच लें. इसके लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, NTES ऐप या हेल्पलाइन नंबर 139 का इस्तेमाल किया जा सकता है.




