Saraikela (संजीव मेहता):
त्योहारों में सेहत से खिलवाड़ पर प्रहार, खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 35 किलो मिलावटी खाद्य सामग्री जब्त कर नष्



Saraikela :
त्योहारों के मौसम में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया. शनिवार 17 अक्टूबर 2026 को चलाए गए इस अभियान के दौरान विभिन्न होटलों, रेस्टोरेंट और मिठाई दुकानों में छापेमारी की गई है. कार्रवाई में करीब 35 किलोग्राम मिलावटी एवं एक्सपायरी खाद्य सामग्री जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दी गई.
* साकची से चाकुलिया तक जांच अभियान-
खाद्य विभाग की टीम ने साकची, बिष्टुपुर, मानगो, घाटशिला और चाकुलिया समेत विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिष्ठानों की जांच की. अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और भंडारण व्यवस्था का निरीक्षण किया. अभियान के दौरान कुल 16 नमूने एकत्र कर जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए.
* चाकुलिया में भी हुई कार्रवाई-
रिपोर्ट के अनुसार, चाकुलिया के पुराना बाजार क्षेत्र में कुंदन होटल से 9 किलोग्राम नकली छेना और गोपाल स्वीट्स से 5 किलोग्राम नकली खोआ जब्त कर नष्ट किया गया. इसके अलावा मां तारा होटल और भोज रेस्टोरेंट की भी जांच की गई.
* मिलावटखोरों को सख्त चेतावनी-
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य सामग्री को ढककर रखने तथा खाना बनाने और परोसने के दौरान ग्लव्स एवं हेड कवर का उपयोग करने के निर्देश दिए. अधिकारियों ने चेतावनी दी कि खाद्य नमूनों की जांच रिपोर्ट में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
* त्योहारों में बढ़ेगी निगरानी –
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है. विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट और अस्वच्छता के मामलों में सख्ती जारी रहेगी.




